भजनलाल सरकार के दो वर्ष: आमजन से सुझाव मांगे, विकास रथों से होगा योजनाओं का प्रचार

प्रदेश की भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखते हुए आमजन से सुझाव मांगे और योजनाओं के प्रचार के लिए 50 विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इन रथों के माध्यम से सरकार की दो वर्ष की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाई जाएगी. इन रथों पर एक सुझाव पेटिका भी लगाई गई है, जिसमें आम नागरिक ‘विकसित राजस्थान’ के लिए अपने सुझाव डाल सकेंगे. मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इन सुझावों को अगले बजट में समाहित किया जाएगा.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को अपने कामों का हिसाब देना सरकार की जिम्मेदारी है, इसीलिए भाजपा सरकार ने पिछले वर्ष की भांति ही इस वर्ष भी अपने सुशासन का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा है. उन्होंने कहा कि पांच साल के कार्यकाल में पूरे करने के लिए जो वादे किए गए थे, उनमें से 70 प्रतिशत कार्य केवल दो वर्षों में ही पूरे कर लिए गए हैं. उन्होंने कहा कि विकास रथ हर विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक पहुंचकर आमजन को सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करेंगे. उन्होंने पानी-बिजली के क्षेत्र में किए गए अभूतपूर्व कार्य और किसानों को ऊर्जादाता बनाने की बात कही. उन्होंने कहा कि ऊर्जा में किए गए नवाचारों से अब हम प्रदेश के 22 जिलों में दिन में बिजली उपलब्ध करा रहे हैं. सीएम ने घोषणा की कि किसान सम्मान निधि को चरणबद्ध तरीके से 9 हजार रुपए से बढ़ाकर 12 हजार रुपए किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 92 हजार सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और इसी माह 20 हजार युवाओं को और नियुक्तियां दी जाएंगी. पांच साल में कुल चार लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी. उन्होंने ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू और निजी क्षेत्र में ढाई लाख रोजगार सृजन की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि गरीब परिवार की महिलाओं को 450 रुपए में गैस सिलेंडर मिल रहा है. वहीं, लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बालिकाओं को 1.50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने आयुष्मान आरोग्य योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी चर्चा की गई.

मुख्यमंत्री शर्मा ने एक अन्य कार्यक्रम ‘नवाचार दिवस-स्टार्टअप कॉन्क्लेव’ समारोह में युवाओं से कहा कि बदलती दुनिया में नवाचार ही अर्थव्यवस्था और समाज के विकास का सच्चा इंजन है. उन्होंने आह्वान किया कि युवा नवाचार के क्षेत्र में आगे आएं, सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है. राजस्थान नवाचारों की खान है. वर्ष 2030 तक हम प्रदेश को 350 बिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं और इसके लिए अनेक अभूतपूर्व कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अक्षय ऊर्जा के साथ ही ऊर्जा भंडारण, वेस्ट टू एनर्जी, पर्यटन, खनन, ऑटोमोबाइल और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं. दो दर्जन से अधिक नई नीतियां बनाई हैं. उन्होंने कहा कि आई-स्टार्ट राजस्थान के माध्यम से अब तक 7 हजार 200 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें एक हजार करोड़ से अधिक का निवेश आया है. इनमें 42 हजार 500 से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं.

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि स्टार्टअप शुरू करने में महिलाएं बढ़-चढ़कर आगे आ रही हैं. आई-स्टार्ट पर पंजीकृत होने वाले स्टार्टअप में से 2 हजार 600 से अधिक स्टार्टअप का नेतृत्व महिलाएं और 288 स्टार्टअप का नेतृत्व युवा विद्यार्थी कर रहे हैं. आई-स्टार्ट पर पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 1 लाख 16 हजार से ऊपर पहुंच गई है. नई तकनीक में अवसर सृजित करने के लिए अटल इनोवेशन स्टूडियो एंड एक्सेलरेटर स्थापित कर रहे हैं. एवीजीसी-एक्सआर पॉलिसी के तहत एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और एक्सटेंडेड रियलिटी जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं. स्टार्टअप फाउंडर्स और युवाओं के कौशल संवर्धन के लिए ‘लर्न, अर्न एंड प्रोग्रेस’ (लीप) प्रोग्राम शुरू कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *