मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कहना है कि सरकार के दो वर्ष जनकल्याण और प्रदेश के सर्वांगीण विकास को समर्पित रहे हैं. जनता ने सेवा के लिए जो विश्वास जताया, उस पर खरा उतरने के लिए सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री बुधवार को आहोर में आयोजित ग्रामीण एवं शहरी समस्या समाधान शिविर तथा जालोर जिले में विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जालोर जिले में कुल 338 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. इनमें केशवाना के राजकीय कृषि महाविद्यालय, रानीवाड़ा, चित्तलवाना व सांचौर के राजकीय महाविद्यालय भवन, हेमागुड़ा में 33/11 केवी सब-स्टेशन तथा प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सौर ऊर्जा संयंत्र शामिल हैं. साथ ही 237 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से सड़क उन्नयन सहित अन्य विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई.
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास रथों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाई जा रही हैं और आमजन से सुझाव भी आमंत्रित किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि जल संकट को देखते हुए राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर सहित विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने दो वर्षों में करीब 92 हजार नियुक्तियां दी हैं और डेढ़ लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन हैं. महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं. कानून व्यवस्था को मजबूत करते हुए भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है. इस अवसर पर सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित, उद्योग राज्य मंत्री केके विश्नोई सहित जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे.