नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के इतिहास में एक यादगार शाम तब जुड़ गई, जब इसके औपचारिक परिचालन से ठीक पहले आसमान में तकनीक और कल्पना का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला. हवाई अड्डे की शुरुआत की पूर्व संध्या पर आयोजित इस भव्य ड्रोन शो ने लोगों का दिल जीत लिया. करीब 1,515 ड्रोन एक साथ उड़ान भरते हुए नवी मुंबई के आसमान में ऐसे उतरे, मानो किसी ने रात के कैनवास पर रोशनी से कहानी लिख दी हो.

आसमान में उभरी भारत की तस्वीर
पूरे तालमेल के साथ उड़ते ड्रोन ने एक के बाद एक शानदार आकृतियां बनाईं. कभी 3D कमल खिलता दिखा, तो कभी एयरपोर्ट के इंटीरियर की झलक आसमान में नजर आई. NMIA का लोगो, हरियाली से जुड़ा ‘ग्रीन एयरपोर्ट’ का संदेश, मुंबई के ऊपर उड़ता विमान और ‘राइज ऑफ इंडिया’ जैसे दृश्य इतने जीवंत थे कि देखने वाले कुछ पल के लिए सांस रोककर देखते रह गए.