पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में हुए पेपर लीक और राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) भ्रष्टाचार कांड के नए तथ्य सामने आए हैं. नए तथ्यों के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. शर्मा ने गुरुवार शाम मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित एसओजी एवं एसीबी के अधिकारियों को नए तथ्यों के परिप्रेक्ष्य में तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने आवश्यकतानुसार स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) के साथ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को भी सम्मिलित करने के निर्देश दिए. सीएम भजनलाल ने कहा कि किसी को नहीं बख्शा जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि गत सरकार में हुए पेपर लीक एवं आरपीएससी भ्रष्टाचार कांड में सामने आए नए तथ्य बेहद गंभीर हैं. उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन करते हुए नए तथ्यों को दृष्टिगत रखकर एसओजी से जांच करवाते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट कहा कि गत सरकार के समय युवाओं के सपनों को रौंदते हुए पेपर लीक करने वाले 340 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं और आगे भी सरकार किसी भी सूरत में एक भी दोषी को नहीं बख्शेगी, चाहे वह कितना ही बड़ा क्यों न हो. उन्होंने युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी सरकार के कार्यकाल में 296 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की गईं, उनमें से एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है.