मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को सचिवालय परिसर स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन द्वारा जनता की समस्याओं के समाधान के प्रयासों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे त्वरित और प्रभावी समाधान प्रदान करें. मुख्यमंत्री ने फोन कॉल के माध्यम से विभिन्न फरियादियों से बात की और उनकी समस्याओं को सुना.
मुख्यमंत्री से सीधा संवाद होने पर परिवादी भी कुछ देर के लिए चौंक गए थे और उन्हें भरोसा नहीं हुआ कि फोन पर सीएम स्वयं उनकी समस्या सुन रहे हैं. सीएम भजन लाल ने उन्हें आश्वस्त किया कि वह खुद मुख्यमंत्री हैं और उनकी समस्याओं का समाधान जल्द होगा.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दौरान कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देना और उन पर त्वरित कार्रवाई करना है. उन्होंने हेल्पलाइन के अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि वे लोगों की शिकायतों का समाधान शीघ्र करें ताकि उन्हें राहत मिल सके. मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन 181 के माध्यम से जनता के साथ सीधे संपर्क स्थापित करने की महत्वता पर भी बल दिया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर एक नागरिक की आवाज को सुनने के लिए प्रतिबद्ध है, और हेल्पलाइन 181 एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है, जो समस्याओं का शीघ्र समाधान देने का कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि हेल्पलाइन द्वारा दर्ज मामलों की समय-समय पर समीक्षा की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी फरियादी को लंबी प्रक्रिया का सामना न करना पड़े.
कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्होंने हेल्पलाइन 181 के कार्य प्रणाली के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उनके कार्य के लिए सराहना भी की और कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से सरकार और जनता के बीच विश्वास का एक मजबूत आधार बनेगा.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार संवेदनशीलता के साथ प्रदेशवासियों की समस्याओं का समाधान कर रही है. लोगों की सहायता के लिए स्थापित राजस्थान संपर्क पोर्टल की हेल्पलाइन 181 आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण का एक बेहतरीन मंच साबित हो रही है. यह पोर्टल (हेल्पलाइन 181) प्रदेशवासियों और राज्य सरकार के बीच संवाद और समाधान के सोपान का अनूठा माध्यम बनता जा रहा है.
यह प्रणाली एक ही प्लेटफार्म पर सुगम, सरल, पारदर्शी और त्वरित राहत का एक जरिया बनकर उभर रही है. उन्होंने कहा कि राजस्थान संपर्क के माध्यम से प्रदेश में आमजन की शिकायत निवारण और राज्य सरकार के विभागों से संबंधित जानकारी प्रदान करने का मजबूत तंत्र विकसित हुआ है. यह हेल्पलाइन एक एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली के रूप में कार्य करते हुए ऑनलाइन माध्यम से तय समय सीमा में शिकायतों और सवालों को सम्बंधित विभागों तक पहुंचाती है, साथ ही, नागरिकों को इस संबंध में लगातार अपडेट करते हुए उनसे फीडबैक भी लेती है. राजस्थान संपर्क द्वारा प्रतिदिन लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है.