भारतीय सेना की दृढ़ता, अदम्य साहस और वीरता को आमजन तक और बेहतर तरीके से पहुंचाने के मकसद से आर्मी डे से पहले जयपुर में पहली बार ‘अपनी सेना को जानो’ प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है. सीकर रोड पर भवानी निकेतन कॉलेज के ग्राउंड में गुरुवार से शुरू हुई यह पांच दिवसीय प्रदर्शनी सेना की आधुनिक क्षमताओं और जांबाजी का जीवंत परिचय करा रही है. सेना दिवस पर ‘नो योर आर्मी’ अभियान के तहत भारतीय सेना की ताकत का भव्य प्रदर्शन शुरू हुआ है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और साउथ वेस्ट कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह इस मौके पर मौजूद रहे.
रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन के अनुसार इस प्रदर्शनी का मकसद आम नागरिकों को भारतीय सेना की क्षमताओं, आत्मनिर्भर भारत के तहत विकसित स्वदेशी रक्षा तकनीक और सैनिकों के पराक्रम से रूबरू कराना है. ‘नो योर आर्मी’ अभियान के तहत यह आयोजन युवाओं में देशभक्ति और सेना के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करेगा.
इस प्रदर्शनी में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस्तेमाल किए गए अत्याधुनिक हथियारों और रक्षा प्रणालियों को आम लोगों के लिए प्रदर्शित किया गया है. यहां बड़ी संख्या में लोग भारतीय सेना के शौर्य और तकनीकी क्षमता को करीब से देख रहे हैं. इन्हें देखकर लोग भारतीय सेना की ताकत और तकनीकी श्रेष्ठता को नजदीक से समझ पा रहे हैं. यहां आने वाले दर्शकों को सिर्फ हथियार ही नहीं, बल्कि अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण, सेना की विविध गतिविधियों और मैदान-ए-जंग जैसी परिस्थितियों का संजीव अनुभव भी मिलेगा.