‘गैंगस्टरां ते वार’ के तहत पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, फरीदकोट में 72 घंटे का ‘ऑपरेशन प्रहार’, 2 हजार टीमें कर रहीं छापेमारी

पंजाब सरकार ने पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम शुरू की है। पंजाब पुलिस की टीमों ने मंगलवार को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के पहले दिन विदेशी गैंगस्टरों के पहचाने गए और चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कईयों को हिरासत में लिया गया। गैंगस्टरों के खिलाफ एक्शन की बात कहते हुए डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) पंजाब गौरव यादव ने कहा कि राज्य भर में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 72 घंटों की व्यापक कार्रवाई पहले से ही जारी है।

ऑपरेशन के पैमाने के बारे में बात करते हुए डीजीपी ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के हिस्से के रूप में 12,000 पुलिस कर्मियों वाली 2000 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में विदेश-आधारित 60 गैंगस्टरों के सहयोगियों/साथियों से संबंधित पहचाने गए और मैपड ठिकानों पर छापेमारी की।

ऑपरेशन प्रहार के पहले दिन के नतीजे साझा करते हुए विशेष डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (विशेष डीजीपी) कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने कहा कि राज्य भर में विदेश-आधारित गैंगस्टरों के 1314 सहयोगियों/साथियों को हिरासत में लेकर पूरी बारीकी से जांच की जा रही है।

नागरिकों से संगठित अपराध के खिलाफ इस मुहिम में पंजाब पुलिस का साथ देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक गुप्त रूप से वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों के बारे में एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर-93946-93946 के माध्यम से रिपोर्ट कर सकते हैं और किसी भी प्रकार के अपराध तथा अपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना/जानकारी दे सकते हैं।

इस कड़ी में चंडीगढ़ में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच बुधवार सुबह मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच क्रॉस फायरिंग हुई, जिसमें एक गैंगस्टर को गोली लगने की सूचना है। जानकारी के अनुसार, ये वही गैंगस्टर हैं जिन्होंने कुछ दिन पहले चंडीगढ़ के सेक्टर 32 में स्थित एक केमिस्ट की दुकान पर फायरिंग की थी। इस फायरिंग की घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी और उन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी एक टैक्सी नंबर की गाड़ी में सवार होकर इलाके में छिपे हुए हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ में शामिल गैंगस्टर कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। यह गैंग पहले भी कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है और पुलिस की रडार पर लंबे समय से है। घायल गैंगस्टर से पूछताछ के बाद पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *