सीएम धामी ने किया सौर जागरूकता स्मारिका का विमोचन, उत्तराखंड में सौर ऊर्जा क्षमता में 10 गुना वृद्धि

उत्तराखंड में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है. ताकि, स्वच्छ ऊर्जा क्रांति को प्रदेश में बढ़ावा दिया जा सके. इसी कड़ी में काउंसिल ऑफ एनर्जी एनवायरनमेंट एंड वॉटर (CEEW) की ओर से सौर जागरूकता स्मारिका पुस्तिका तैयार की गई है. जिसके जरिए जनता को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक किया जा सके. सीईईडब्लू की ओर से तैयार की गई सौर जागरूकता स्मारिका पुस्तिका का सीएम पुष्कर धामी ने विमोचन किया. इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि ये पहल सिर्फ एक स्मारिका पुस्तिका का विमोचन नहीं, बल्कि उत्तराखंड के उज्ज्वल, आत्मनिर्भर एवं हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में सामूहिक संकल्प का प्रतीक है.

वहीं, सीएम धामी ने कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा संकट एवं पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रहा है. ऐसे समय में सौर ऊर्जा केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जरूरत बन गई है. पीएम मोदी के मार्गदर्शन में संचालित ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना’ के तहत उत्तराखंड ने बेहतर उपलब्धियां हासिल की हैं, जो देश के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं.

उन्होंने कहा कि राज्य ने 40 हजार रूफटॉप सोलर संयंत्रों का अपना प्रारंभिक लक्ष्य निर्धारित समय से पूर्व हासिल कर लिया है. निर्धारित संयंत्रों के लक्ष्य का करीब 95 फीसदी काम पूरा किया जा चुका है. पीएम सूर्य घर योजना को बेहतर ढंग से लागू करने में उत्तराखंड आज देश में शीर्ष राज्यों की श्रेणी में पहुंच चुका है. सीएम धामी ने कहा कि साल 2024 से अब तक मात्र दो सालों में राज्य ने सौर ऊर्जा क्षमता में करीब 10 गुना वृद्धि दर्ज की है.

उत्तराखंड करीब 290 मेगावाट क्षमता के रेजिडेंशियल रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने में सफल हुआ है. उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. यूपीसीएल, ऊरेडा, क्षेत्रीय अधिकारियों और इस अभियान से जुड़े सभी विभागों एवं संस्थाओं के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए सीएम ने कहा कि ये सफलता टीम उत्तराखंड की सामूहिक समर्पण का परिणाम है.

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग से आम नागरिकों के विद्युत व्यय में कमी आएगी, पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी. साथ ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित भविष्य प्राप्त होगा. मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश के समक्ष एक प्रेरणादायक एवं आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *