गौड़ इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक उत्सव 8.0 का भव्य आयोजन महिला सशक्तिकरण थीम “मैं शक्ति हूं, कर सकती हूं” के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्रों ने नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और थीम आधारित मंचन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का प्रभावशाली संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्मश्री एवं खेल रत्न सम्मानित डॉ. दीपा मलिक रहीं। उन्होंने छात्रों की प्रतिभा और स्कूल की आधुनिक शिक्षा प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं और ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छात्रों द्वारा तैयार किया गया “शक्ति रोबोट” रहा, जिसने मंच पर आकर वार्षिक उत्सव का उद्घाटन किया। इस अभिनव प्रस्तुति ने सभी उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
स्कूल परिसर में आयोजित ई-वेस्ट प्रदर्शनी में छात्रों ने पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान से आकर्षक और उपयोगी कलाकृतियां तैयार कर पर्यावरण संरक्षण और रिसाइक्लिंग का संदेश दिया। प्रदर्शनी को अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा।