लखनऊ में सीएम योगी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर दी श्रद्धांजलि – News Abhi Tak

लखनऊ में सीएम योगी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर दी श्रद्धांजलि

विधानसभा मार्ग स्थित आंबेडकर महासभा परिसर में शुक्रवार को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के निर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह लोग सिर्फ संविधान की प्रति दिखाकर ढोंग कर रहे हैं. उन्हें बाबा साहब के मूल्यों से कोई लेना देना नहीं है. इससे पहले भी इन्होंने बाबा साहब के मूल संविधान पर कुठाराघात करके उसकी हत्या करने का प्रयास किया था. संविधान की प्रस्तावना उसकी आत्मा होती है. कांग्रेस ने संविधान की प्रस्तावना से उसकी आत्मा हटाने का काम किया है. वर्ष 1975 में देश में इमरजेंसी लागू करके बाबा साहब का अपमान किया था. कांग्रेस यही कर रही है.

कांग्रेस ने मूल संविधान की प्रस्तावना में संशोधन करके वह शब्द डालने का काम किया था, जो बाबा साहब ने मूल संविधान में डाले ही नहीं थे. ऐसे में जो यह ढोंग कर रहे हैं, उसका वास्तविक चेहरा जनता और देश के सामने लाने की आवश्यकता है. बाबा साहब हमेशा वंचित, पीड़ित और शोषित लोगों के लिए काम करते रहे. उन्होंने ही समाज को नई दिशा दिखाते हुए खुशहाल समाज की परिकल्पना दी. इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने हजरतगंज स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

अंबेडकर महासभा में लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं, बौद्ध और अन्य अल्पसंख्यक समुदाय के लोगाें को कट्टरपंथियें द्वारा मारा जा रहा है और जलाया जा रहा है. उनकी संपत्तियों को लूटा जा रहा है. इतना ही नहीं माता और बहनों की इज्जत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. जब तक वहां जिन्ना का जिन्न रहेगा तब तक इस तरह की अराजकता होती रहेगी. वहां पर गरीबों और वंचितों का शोषण हो रहा है. यह पाप 1947 में देश के विभाजन के रूप में सभी के सामने आया था. उसी का बदसूरत स्वरूप बांग्लादेश के रूप में फिर हमारे सामने है. बाब साहब ने 1946-47 में ही जनता को इसे लेकर आगाह कर दिया था. उन्होंने कहा था कि देश का बंटवारा मत होने दीजिए. अगर यह हो गया तो आर-पार की लड़ाई शुरू हो जाएगी, जो आज हमारे सामने है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज कुछ लोग समाज को धोखा दे रहे हैं. वह समाज में झूठ फैला रहे हैं. यह वही लोग हैं, जो उसे समय हैदराबाद के निजाम और उनके राजाकारों द्वारा दलितों के गांव जलाए जा रहे थे तो चुप थे. उस दौरान उनका शोषण हो रहा था. उन पर अत्याचार किया जा रहा था. उस समय भी बाबा साहब आंबेडकर ने खुला पत्र लिखा था कि हैदराबाद के निजाम की रियासत के जिन दलितों पर अत्याचार हो रहा है, वह महाराष्ट्र की ओर चले जाएं, लेकिन अपना धर्म और मत न बदलें. वहीं, हैदराबाद के निजाम और पाक परस्त जिन्ना के लोगों ने अपने नापाक इरादों को अंजाम देने के लिए बाबा साहब को प्रलोभन देने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने आदर्शों से टस से मस नहीं हुए. उन्होंने कहा कि मैं हमेशा भारतीय ही रहूंगा. मैंने भारतीय के रूप में जन्म लिया है और मेरी अंतिम यात्रा भी भारतीय के रूप में ही निकलेगी. उन्होंने आजीवन इस व्रत का पालन भी किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *