महाकुंभ में माघी पूर्णिमा के अवसर पर संगम पर उमड़ा जनसैलाब, करोड़ों श्रद्धालु लगा रहे आस्था की डुबकी – News Abhi Tak

महाकुंभ में माघी पूर्णिमा के अवसर पर संगम पर उमड़ा जनसैलाब, करोड़ों श्रद्धालु लगा रहे आस्था की डुबकी

महाकुंभ का पांचवा स्नान पर्व माघी पूर्णिमा को यानी आज है। ‘माघी पूर्णिमा’ के अवसर पर महाकुंभ में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। महाकुंभ के अपर मेला अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने कहा कि आज ‘माघी पूर्णिमा’ का स्नान है इस बार मेले में अप्रत्याशित भीड़ आई है। स्नान का कार्य जारी है। भारी संख्या में श्रद्धालु यहां आ रहे हैं। समस्त तैयारियां की गई हैं। ये स्नान कल पूरा दिनभर तक चलेगा।

मंगलवार को रात दस बजे तक एक करोड़ 43 लाख श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके थे। बुधवार को भी माघी पूर्णिमा का दिन भर स्नान होगा। मेला प्रशासन ने अनुमान लगाया है कि लगभग 2.5 करोड़ श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगाएंगे।

भीड़ को देखते हुए महाकुंभ क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश एक दिन पहले से ही रोक दिया गया है। प्रयागराज शहर को भी नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है। सिर्फ आपात सेवा और आवश्यक सेवाओं वाले वाहन चलेंगे।

भीड़ में थोड़ी वृद्धि है लेकिन स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। श्रद्धालु स्नान के बाद तेजी के साथ वापस भी लौट रहे हैं। मेले के अंदर कहीं भी जाम जैसी स्थिति नहीं है। आज मेला चलता फिरता हुआ नजर आ रहा है।आस्था के इस महापर्व पर महाकुंभ मेला क्षेत्र में मंगलवार दिन से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। शाम तक तो लाखों की संख्या में स्नानार्थी संगम तट पर पहुंच चुके थे। स्नान का शंखनाद होते ही पुण्य की डुबकी लगने लगी।

बस अड्डों, स्टेशनों, पार्किंग स्थलों से संगम की ओर से पूरी रात श्रद्धालुओं का रेला चलता रहा। प्रयागराज आने वाले हर मार्ग पर वाहनों का तांता लगा हुआ है। श्रद्धालुओं पर बुधवार सुबह आठ बजे से हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी कराई जाएगी।

भीड़ प्रबंधन को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाराजगी के बाद अधिकारी विशेष रूप से सतर्क हैं। सभी दिशाओं में अलग-अलग पार्किंग बनाई गई है। पार्किंग में पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है। संगम पर भी बैरिकेडिंग मजबूत की गई है। कुंभनगर में एकल मार्ग से ही श्रद्धालुओं का आवागमन हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *