सीएम योगी ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का किया सर्वेक्षण, बोले- पवित्रता बनाए रखना जरुरी – News Abhi Tak

सीएम योगी ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का किया सर्वेक्षण, बोले- पवित्रता बनाए रखना जरुरी

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से बिजनौर तक हेलीकॉप्टर से यात्रा मार्ग का विस्तृत सर्वेक्षण किया. निरीक्षण के दौरान सीएम योगी ने अधिकारियों को यात्रा की सुचारू व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आस्था के सम्मान को सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए. खाद्य पदार्थों में थूकने की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई करने का सख्त आदेश दिया है.

सीएम योगी ने अपने निर्देश में विशेष रूप से कांवड़ यात्रा की पवित्रता बनाए रखने पर जोर दिया. उन्होंने खानपान की वस्तुओं में थूकने जैसे अपवित्र कृत्यों पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए. उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रा की शुचिता पर कोई आंच न आए. साथ ही, किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों को बख्शा न जाए, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहे.

श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने मार्ग पर साफ-सफाई, बिजली और प्रकाश व्यवस्था के लिए उच्चस्तरीय प्रबंध करने को कहा. उन्होंने जगह-जगह पंडाल, खानपान और अन्य सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था के निर्देश दिए. विश्राम स्थलों और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों का सहयोग लेने पर भी जोर दिया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना सरकार की प्राथमिकता है. सीएम के दौरे के बाद प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि लाखों श्रद्धालु को कोई असुविधा नहीं हो. सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अफवाह, झगड़े या अव्यवस्था फैलाने वालों पर तुरंत एक्शन लिया जाए. उन्होंने ज़िलाधिकारी और पुलिस प्रशासन को सतर्क रहने को कहा ताकि कोई भी कांवड़ यात्रा की गरिमा को ठेस न पहुंचा सके.

योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा, सुविधा और सुरक्षा उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि कहीं भी कोई ढिलाई न हो, विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस और स्वास्थ्य टीमों की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *