GST में कटौती के बाद गोरखपुर की सड़कों पर निकले सीएम योगी, दुकानों में चिपकाया नई दरों का पर्चा – News Abhi Tak

GST में कटौती के बाद गोरखपुर की सड़कों पर निकले सीएम योगी, दुकानों में चिपकाया नई दरों का पर्चा

उत्तर प्रदेश: जीएसटी की दरों में कटौती के बाद जनता का हाल जानने के लिए सोमवार को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन जागरण पदयात्रा निकाली, इस दौरान सीएम योगी ने दुकानदारों से फीडबैक लिया साथ ही दुकानों पर खुद से नई दरों का पर्चा चिपकाया. जनता से भी पूछा जीएसटी में छूट का लाभ मिल रहा कि नहीं. इस दौरान सीएम योगी ने कहा है कि जीएसटी रिफार्म, काम तो एक है, लेकिन इसके लाभ अनेक हैं. यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से देशवासियों को दीपावली का उपहार है. जीएसटी रिफॉर्म अर्थव्यवस्था को नई गति देगा. साथ ही सकारात्मक असर रोजगार पर पड़ेगा.

मुख्यमंत्री योगी ने जागरूकता अभियान के दौरान न्यू स्वीट्स पैलेस के दुकानदार बिहारी लाल व जतिन लाल से संवाद किया. इसके बाद प्रेम मेडिकल्स में दवाओं की कीमतों में आए असर पर चर्चा की. दुकानदार विनय प्रजापति और आकाश प्रजापति ने बताया कि जीरो टैक्स दवाओं के लाभ साझा किए. श्री हुनमान कटरा के सामने खड़े दुकानदारों और गोरखनाथ मार्ग मंदिर मार्ग पर खड़े चौधरी कैफुलवरा के परिवार से भी मुख्यमंत्री ने संवाद किया. मुख्यमंत्री की पदयात्रा में सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, नगर निगम के उप सभापति पवन त्रिपाठी आदि शामिल रहे.

सीएम योगी ने दीपक के परिजनों को सौंपा 5 लाख का चेक

पशु तस्करों से मोर्चा लेने के दौरान नीट की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता की मौत के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने परिजनों की मदद को हाथ बढ़ाया है. पुलिस व प्रशासन के अधिकारी सोमवार को छात्र के परिजनों को मुख्यमंत्री के निज आवास गोरखनाथ मंदिर लेकर पहुंचे. जहां सीएम ने मृत छात्र के माता-पिता और भाई से मुलाकात की और उन्हें 5 लाख रुपये का चेक सौंपा. इस दौरान सांसद रवि किशन शुक्ला भी मौजूद रहे. छात्र के परिजनों ने दीपक को शहीद का दर्जा दिए जाने की मांग की है.

सीएम ने शक्ति की उपासना से पहले की जनसेवा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा तिथि पर शक्ति की उपासना से पहले जनसेवा की. उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन कर लोगों से मुलाकात की और समस्याएं सुनीं. जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर जरूरतमंद व्यक्ति को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें. जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 250 लोगों की समस्याएं सुनीं. इसमें बड़ी संख्या महिलाओं की रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *