उद्योगपति गौतम अडानी ने किए केदारनाथ धाम के दर्शन, सोनप्रयाग-केदारनाथ प्रस्तावित रोपवे का एरियल सर्वे किया

हिमालय की गोद में बसे विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. 30 अप्रैल तक ढाई लाख के करीब श्रद्धालु केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं. पिछले दिनों सिंगर कैलाश खेर समेत अनेक सेलिब्रिटी और उद्योगपति भी केदारनाथ धाम के दर्शन करने आ चुके हैं. आज शुक्रवार 1 मई को देश के प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अडानी केदारनाथ धाम पहुंचे.

जानकारी के अनुसार अडाणी ग्रुप के संस्थापक एवं चेयरमैन गौतम अडाणी पत्नी प्रीति अडानी के साथ शुक्रवार सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे. इसके बाद वह निजी हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचे. धाम पहुंचकर उन्होंने बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना की. उद्योगपति दंपति ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया. उन्होंने देश और प्रदेश की समृद्धि, शांति, विकास एवं जनकल्याण की कामना करते हुए विशेष प्रार्थना की.

Gautam Adani Visits Kedarnath Dham

केदारनाथ धाम में उनके आगमन पर मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में भी उन्हें देखने की उत्सुकता साफ नजर आई. मंदिर समिति एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और यात्रा प्रबंधन पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित होता दिखा. प्रशासन द्वारा वीआईपी मूवमेंट के बावजूद आम श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे दर्शन व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई.

गौरतलब है कि रोपवे के निर्माण का जिम्मा अदाणी समूह को दिया गया है. सोनप्रयाग से केदारनाथ तक प्रस्तावित लगभग 12.9 किलोमीटर लंबा रोपवे अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) द्वारा बनाया जा रहा है. यह दुनिया के सबसे ऊंचे लगभग 11,500 फीट और सबसे लंबे रोपवे में से एक होगा. इस रोपवे से केदारनाथ धाम की पैदल 9 घंटे की यात्रा, घटकर सिर्फ 36 मिनट की रह जाएगी.यात्रा मार्ग पर प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य, सुरक्षा, ट्रैफिक और आपदा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. हेलीकॉप्टर सेवाओं से लेकर पैदल मार्ग तक हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनी रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *