उत्तराखंड: जौनसार बावर पुनरुत्थान समिति के तत्वाधान में नागथात में आयोजित 33वें खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सीएम पुष्कर धामी ने शिरकत की. जहां उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कई विकास योजनाओं की घोषणा की. जिसका जौनसार बावर क्षेत्र की जनता को मिलेगा.
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केदार सिंह स्टेडियम नागथात में आयोजित जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह 2026 में प्रतिभाग किया. इस मौके पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की.
सीएम धामी ने समरजेंस मोटर मार्ग का चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य किए जाने, प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित किए जाने, विकासखंड चकराता के बागी-खेड़ा-कोटा-तपलाड मार्ग पर यमुना नदी पर 60 मीटर स्पान पुल का निर्माण किए जाने की घोषणा की.

इसके अलावा चकराता के क्यारापुल-डामटा-म्यूंडा मोटर मार्ग के किमी 22 से छामरी एवं जाखणी तक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य, विकासखंड कालसी के अंतर्गत ग्राम सकरोल से ग्राम भोड़ा-भालनू एवं उटेल होते हुए द्वितीय सिद्ध पीठ महासू महाराज थैना तक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य की घोषणा की.
चकराता के अंतर्गत ग्राम खबऊ के खेड़ा रमारका-कुन्ना-बुराष्टी में यमुना नदी से पंपिग पेयजल योजना बनाए जाने, चकराता के जगथान बुरायला मार्ग से ग्राम उदांवा तक सडक निर्माण को PMGSY में प्रस्तावित किए जाने एवं क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए द्वीना से बिसोई खुना अलमान तक नए संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य किए जाने की घोषणा की.
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा और समग्र विकास के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं. देश में जनजातीय समुदायों के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, वन धन योजना, प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन जैसी कई योजनाएं लागू की गईं हैं. पीएम मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज की नीतियां और नियति दोनों बदली हैं.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ‘उत्तराखंड जनजातीय महोत्सव’ के माध्यम से संस्कृति व विरासत को एक मंच देने का प्रयास किया है. सरकार ने हर साल जनजातीय खेल महोत्सव आयोजित करने का भी निर्णय लिया है. प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 128 जनजातीय गांवों को चिह्नित किया है. जिसके तहत इन गांवों में सड़क, बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी हर बुनियादी सुविधा पहुंचाकर इनका कायाकल्प करने का काम किया जा रहा है.
सीएम धामी ने ने कहा कि कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है. जिसके माध्यम से जनजातीय बच्चों को निशुल्क विश्वस्तरीय आवासीय शिक्षा की सुविधा मिल रही है. बाजपुर और चकराता में भी नए एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निर्माण कार्य जारी है.
जनजातीय समाज के बच्चों को पढ़ाई के लिए सरकार प्राथमिक स्तर से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति भी प्रदान कर रही है. शैक्षिक विकास के लिए वर्तमान में 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय भी संचालित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय की बेटियों के विवाह के लिए ₹50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है.जनजातीय शोध संस्थान के लिए 1 करोड़ रुपए का कॉर्पस फंड की स्थापित की गई है.
सीएम धामी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 707 और 707 ए का चौड़ीकरण युद्ध स्तर पर जारी है. कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जजरेड़ के पास भूस्खलन की समस्या का स्थाई समाधान किया जा रहा है. न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डाडा पंपिंग योजना पर करीब 229 करोड़ रुपए की लागत से काम चल रहा है, जिससे भविष्य में पानी की कमी कभी नहीं होगी. महासू देवता मंदिर परिसर के विकास के लिए 120 करोड़ रुपए के ऐतिहासिक मास्टर प्लान पर विकास कार्य किया भी गतिमान है.