सीएम धामी ने अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का लिया जायजा, विधायक अरविंद पांडे के साथ किया वाटर स्पोर्ट्स का अनुभव

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों के आवास, परिवहन एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड साहसिक खेलों की अपार संभावनाओं वाला राज्य है और इस प्रकार के अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों से प्रदेश को वैश्विक पहचान मिलने के साथ-साथ पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा।

इस अवसर पर विधायक अरविंद पांडे भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का आनंद लिया तथा आयोजन स्थल पर उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रतियोगिता उत्तराखंड को एडवेंचर स्पोर्ट्स की वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे और प्रदेश में खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, खेल विभाग के प्रतिनिधि एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *