साढ़ स्थित अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस में पिछले करीब डेढ़ सालों से जो हथियार बन रहे हैं, उनकी जानकारी, गुणवत्ता आदि परखने के लिए चर्चित उद्यमी गौतम अदाणी बुधवार को पहुंचे. गौतम अदाणी ने कई उत्पादों को बनते देखा और प्रशासनिक व अन्य अफसरों से सीधा संवाद किया.
अपने कानपुर दौरे की जानकारी उद्यमी गौतम अदाणी ने अपने X व इंस्टाग्राम एकाउंट पर 47 सेकेंड के वीडियो से साझा की है. वीडियो में अदाणी कई उत्पादों (हथियारों) को हाथ में लेकर परख रहे हैं. वीडियो में दिख रहा है कि अदाणी हाईटेक गन से फायरिंग कर रहे हैं.
इकाई के प्रशासनिक अफसरों का कहना है, गौतम अदाणी ने जितना भी समय इकाई में बिताया, उतनी देर अफसरों व अधीनस्थों को बेहतर उत्पाद तैयार करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा, उत्पादों की गुणवत्ता सबसे अच्छी होनी चाहिए. उन्होंने बड़े हथियारों के एक नए कॉम्प्लेक्स भवन का उद्घाटन भी किया. उद्यमी गौतम अदाणी ने अपने एक्स में साझा वीडियो के दौरान लिखा कि उनकी इस इकाई का मकसद ऐसे उत्पाद बनाना है, जिनसे आत्मनिर्भर भारत के उद्देश्य को पूरा किया जा सके.

