उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे. सबसे पहले हनुमान गढ़ी में संकट मोचन हनुमान के चरणों में हाजिरी लगाई और फिर श्रीरामलला के दरबार पहुंचे. यहां उन्होंने साधु-संतों से भी मुलाकात की. इसके बाद रामनवनी की तैयारियों और निर्माण के बारे में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जानकारी ली.
मुख्यमंत्री तुलसीपुर में मां पाटेश्वरी के दर्शन-पूजन व स्थानीय लोगों से मिलने के बाद रामनगरी पहुंचे. जहां रामकथा पार्क स्थित हैलीपेड पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व भाजपा नेताओं ने स्वागत किया. रामकथा पार्क से सीएम योगी सीधे हनुमान गढ़ी पहुंचे, जहां रामभक्त संकटमोचन हनुमान के दरबार में हाजिरी लगाई और प्रदेश के कल्याण की कामना की. मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी में संतों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना. यहां मुख्यमंत्री गद्दी नशीन महंत प्रेमदास महाराज जी महाराज से मिले.
मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे और श्रीरामलला के चरणों में शीश झुकाया. मुख्यमंत्री ने यहां विधिवत दर्शन-पूजन भी किया. इसके बाद राम मंदिर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और कार्य प्रगति की जानकारी ली. राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्र ने मुख्यमंत्री को कार्यों की विस्तृत जानकारी दी. इस दौरान योगी सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राकेश सचान, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान आदि मौजूद रहे.
मिल्कीपुर उप चुनाव के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा है. महापौर गिरीश पति त्रिपाठी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर शुक्रवार सुबह 9:40 बजे राम कथा पार्क हेलीपैड पर पहुंचेगा. 9:50 बजे हनुमानगढ़ी मंदिर पर दर्शन पूजन कर 10:00 बजे राम मंदिर परिसर में रामलला का दर्शन करने के बाद राम जन्मभूमि परिसर में चल रहे निर्माण कार्य और आगामी तैयारी का जायजा लेंगे. 10:30 बजे राज सदन पहुंचेंगे. जहां आयोजित लिटरेचर फेस्टिवल कार्यक्रम में शामिल होंगे. 10:45 बजे राम कथा पार्क पर आयोजित युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत संयुक्त क्रेडिट कैम्प में युवाओं को ऋण प्रदान करेंगे. साथ ही प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे. उसके बाद 11:45 बजे आयुक्त कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक करेंगे. साथ ही आगामी रामनवमी मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे. इस दौरान सर्किट हाउस में संतों से भी मुलाकात करेंगे. आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम 3:35 बजे लखनऊ रवाना होंगे.