उत्तराखंड: जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों पर फायरिंग कर दी. इस हमले में कई पर्यटकों के मारे जाने की सूचना है. फिलहाल, सुरक्षा बल इलाके की घेराबंदी कर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. वहीं, इस आतंकी हमले की हर तरफ निंदा हो रही है. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस घटना को संस्कृति, शांति और मानवता के मूल्यों पर हमला बताया है.
जानकारी के मुताबिक, आज यानी 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में बैसरन नामक घास के मैदान आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. जिसमें कई पर्यटक घायल हो गए. जबकि, 26 से ज्यादा पर्यटकों के मारे जाने की आशंका है. जिसमें विदेशी पर्यटक भी शामिल बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि इस जगह पर पैदल या घोड़ों के जरिए ही पहुंचा जा सकता है.
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बंदूकधारियों ने पर्यटकों पर काफी नजदीक से गोलियां चलाईं. इस आतंकी हमले के बाद पूरे पहलगाम क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सभी गाड़ियों की कड़ी जांच की जा रही है और सुरक्षा बलों की तैनाती भी बढ़ा दी गई है. वहीं, इस घटना को लेकर पूरे देश में आक्रोश का माहौल है. पहलगाम आतंकी हमले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रतिक्रिया दी है.