राजकीय सम्मान के साथ शुभम द्विवेदी का हुआ अंतिम संस्कार, श्रद्धांजिल देने पहुंचे सीएम योगी हुए भावुक

उत्तर प्रदेश: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी के घर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे. उन्होंने शहीद शुभम को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी. इस दौरान, शहीद शुभम की पत्नी ने मुख्यमंत्री से भावुक होकर गुहार लगाई कि उन्हें इस कायरतापूर्ण हमले का करारा जवाब चाहिए.

गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर में शहीद शुभम द्विवेदी के परिजनों से मिले और उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने शहीद के परिवार से बातचीत की और उनकी पीड़ा को साझा किया. इस दौरान, शहीद शुभम की पत्नी ने मुख्यमंत्री से कहा, आतंकवादियों ने मेरे सामने ही मेरे पति को गोली मारकर मौत के घाट उतारा है. योगी जी, हमें इसका करारा जवाब चाहिए, आप इस हमले का बदला लो.

शहीद की पत्नी के रुदन से भावुक हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें ढांढस बंधाया और कहा, यह हमला आतंकवादियों के ताबूत पर आखिरी कील साबित होगा. उन्होंने शहीद के परिवार को आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और इस कायरतापूर्ण हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने शहीद शुभम द्विवेदी के परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ है. उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें उनके किए की सजा जरूर मिलेगी.

इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और शहीद के परिवार के साथ संवेदना व्यक्त की जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शहीद के घर पहुंचना और परिवार को सांत्वना देना, सरकार की संवेदनशीलता और आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ संकल्प को दर्शाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *