उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर योजना भवन स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की. इस दौरान पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, विधायक डॉ. नीरज बोरा, भाजपा नेता अविनाश त्रिवेदी आदि मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा को याद करते हुए कहा कि वह एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे. भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भूमिका की वजह से उन्हें ब्रिटिश सरकार की यातना झेलनी पड़ी थी. वर्ष 1952 में पहली बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य बन करके उन्होंने सार्वजनिक जीवन में प्रवेश किया था.
उन्होंने प्रदेश सरकार में मंत्री, मुख्यमंत्री बनने के बाद केंद्रीय मंत्री के रूप में अनेक मंत्रालयों को अपना नेतृत्व क्षमता का परिचय दे करके प्रदेश और देश के विकास में अपना योगदान दिया है. स्व. बहुगुणा का जन्म उत्तराखंड में हुआ था. उन्होंने गांव से स्कूली शिक्षा अर्जित की.
इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए प्रयागराज आ गए. यहां उच्च शिक्षा प्राप्त करने के साथ आजादी के आंदोलन से जुड़ गए. सीएम ने कहा कि उन्होंने प्रदेश और देश के विकास के लिए जो योगदान दिया है उनकी स्मृतियों को लगातार हमारी सरकार आगे बढ़ा रही है.