उत्तराखंड: राजधानी देहरादून में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया. इस मौके पर सीएम धामी ने योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाये जाने की लोगों से अपील की है.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योग हमारी बहुत प्राचीन विधा है. कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज योग पूरे विश्व का योग बन गया है और हर साल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे धूमधाम से मनाया जाता है। बताया कि आज देहरादून में योग दिवस से पहले ही सभी के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है.
सीएम धामी ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग बहुत बड़ा आधार है. मैं सभी से कहूंगा कि योग को अपनाकर अपने स्वस्थ जीवन को और मजबूत बनाएं. कहा कि योग मन को स्थिर कर चेतना की गहराइयों तक पहुंचाने का माध्यम है. इसलिए आज योग दुनिया के करोड़ों लोगों की दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बन गया है और भारतीय जीवन शैली को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित कर रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग को अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मान्यता देने के लिए प्रस्ताव रखा था, जिसे 177 देशों ने समर्थन दिया और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया.उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड योग और ऋषि मुनियों की भूमि है. ग्राम स्तर तक सभी लोग योग से जुड़े, सरकार द्वारा इस दिशा में प्रयास किए गए हैं. योग से रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं. उत्तराखंड को योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने के लिए नई योग नीति लाई गई है.