मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधन: सीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से राखी बंधवाई, खातों में भेजे 501 रुपए

बिड़ला ऑडिटोरियम में मंगलवार को ‘मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया. उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को राखी बांधी. मुख्यमंत्री ने सभी को उपहार भेंट किए.

रक्षाबंधन के अवसर पर राजस्थान सरकार ने बहनों का सुरक्षा-सम्मान अभियान चलाया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से लगभग 1.21 लाख आंगनबाड़ी महिला कार्यकर्ता वर्चुअल माध्यम से जुड़ी. मुख्यमंत्री ने प्रत्येक कार्यकर्ता के खाते में 501 रुपए की राशि ऑनलाइन हस्तांतरित की. साथ ही छाते और मिठाई भी वितरित किए गए. आंगनबाड़ी बहनों ने ‘पोषण शपथ’ लेकर सुपोषण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज लाखों बहनों का आशीर्वाद पाकर धन्य हो गया हूं. उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से माता बहनों के साथ है. दो साल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने का काम किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राखी के अवसर पर प्रदेश की माताओं और बहनों को 2 दिन रोडवेज बसों में फ्री यात्रा की व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में हजार नए आंगनबाड़ी केंद्र और खोले हैं. इन केंद्रों पर बिजली पानी समेत अन्य सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही है. इसके लिए सरकार ने 50 करोड़ रुपए दिए हैं. 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा रहा है. पुलिस थानों में महिला सलाह केंद्र स्थापित किए गए हैं.

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बताया कि बजट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में दोनों साल में 10- 10% की बढ़ोतरी की गई है. बच्चों के दूध की मात्र डेढ़ गुना से अधिक बढ़ाई गई है. मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना के तहत बच्चों को सप्ताह में 5 दिन गर्म दूध दिया जा रहा है. सरकार की प्राथमिकता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है. आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र तैयार किए जा रहे हैं. सरकार महिलाओं को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *