बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार को जयपुर पहुंचे. यहां उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सीएम निवास पर शिष्टाचार भेंट की. मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. दोनों के बीच धर्म, आध्यात्म और सामाजिक सरोकारों को लेकर चर्चा हुई.
बागेश्वर धाम के प्रमुख आचार्य शास्त्री देशभर में प्रवचनों और आस्था से जुड़े आयोजनों के लिए प्रसिद्ध हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रहते हैं. ऐसे में ये भेंट धर्म और राजनीति के क्षेत्रों में अहम मानी जा रही है. मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि संत-महात्माओं का आशीर्वाद समाज को सही दिशा देता है. संतों के मार्गदर्शन से न केवल सामाजिक समरसता को बल मिलता है, बल्कि जनता में सकारात्मक सोच बढ़ती है. शर्मा ने आचार्य शास्त्री से प्रदेश की उन्नति, जनकल्याण और सामाजिक सद्भाव के लिए आशीर्वाद भी लिया.
आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और राजस्थान की निरंतर प्रगति के लिए मंगलकामना की. उन्होंने कहा कि राजस्थान की पावन भूमि में धर्म और आध्यात्म की सदियों पुरानी परंपरा है, जिसे बनाए रखना और आगे बढ़ाना समाज के लिए कल्याणकारी है. इस मुलाकात को जयपुर में आने वाले कथा से जोड़कर पर भी देखा जा रहा है. आपको बता दें कि आचार्य धीरेंद्र शास्त्री जयपुर में कथा वाचन करने वाले हैं. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है.