हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंचकूला में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2025 के दूसरे चरण का उद्घाटन किया. ये खेल महाकुंभ 26 सितंबर 2025 तक पंचकूला सेक्टर 3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में होगा. जिला खेल अधिकारी नीलकमल ने बताया कि “इस तीन दिवसीय खेल महाकुंभ में हरियाणा प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 3013 खिलाड़ी भाग लेंगे.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पैरालंपिक 2024 के विजयी खिलाड़ियों को 42 करोड़ रुपये की धनराशि के चेक सौंपें. इसके अलावा खिलाड़ियों के कोच को भी साढ़े 3.56 करोड़ रुपये के चेक दिए.
खेल महाकुंभ के इस दूसरे चरण में जूडो, कराटे, कुश्ती, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल (महिला एवं पुरुष वर्ग) और हॉकी (पुरुष वर्ग) की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इन प्रतियोगिताओं में तीन हजार से ज्यादा खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे.

हरियाणा में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ 2025 का आयोजन दो चरणों में होना तय हुआ था. जिसकी शुरुआत 2 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम से की थी. इसमें 26 विभिन्न खेलों में राज्य भर के 15,410 से अधिक खिलाड़ियों ने 2102 पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा की थी. ये महाकुंभ का दूसरा और आखिरी चरण है.