प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025: ‘जहां न पहुंचे बैलगाड़ी, वहां पहुंचे मारवाड़ी’ की गूंज के बीच प्रवासियों का बाहें फैलाकर स्वागत

वैश्विक प्रवासी राजस्थानियों का संगम ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025’ का आगाज जयपुर के JECC में हुआ. बुधवार को राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुरुआत की. कार्यक्रम में ‘जहां न पहुंचे बैलगाड़ी, वहां पहुंचे मारवाड़ी’ का संदेश गूंजा. सीएम ने 14 नए चैप्टर खोलने की भी घोषणा की.

प्रवासी राजस्थानियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले-ये समारोह विकास में भागीदार बनने का उत्सव है. राज्य अपनों का बाहें फैला स्वागत करता है. दुनिया में राजस्थान का सम्मान बढ़ाने में प्रवासियों की बड़ी भूमिका है. पहले प्रवासी राजस्थानी दिवस में इतनी बड़ी संख्या में आए हैं. आपने देश और दुनिया में उद्योग, व्यापार, संस्थान, ग्लोबल नेटवर्क खड़े किए. सीएम ने आह्वान किया कि राजस्थान में भी काम करें. वादा किया था कि कोई परेशानी नहीं होने देंगे इसलिए आपके लिए अलग विभाग बना दिया. आप राजस्थान में अधिकाधिक निवेश करें. सरकार दिक्कत नहीं आने देगी.

सीएम ने कहा कि सरकार ने पहले पानी पर काम किया. राम जलसेतु परियोजना में 26000 करोड़ के काम शुरू हो चुके. शेखावटी के लिए यमुना जल समझौते की डीपीआर बन रही है. ऊर्जा क्षेत्र में भी काम किया. किसानों को 2027 में दिन में बिजली शुरू कर देंगे. 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली देने लगे हैं. उद्योगों को भी 24 घंटे बिजली देंगे. बीते 2 साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ. 92 हजार नौकरी दे चुके. 1,56,000 नौकरियां पाइपलाइन में है. इस माह 20 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. युवाओं के लिए नीति ला रहे हैं. युवा मिलकर उद्योग लगा सकते हैं.

सीएम ने राजस्थान फाउंडेशन के 14 नए चैप्टर खोलने की घोषणा की. इनमें 9 चैप्टर दक्षिण अफ्रीका, बहरीन, कुबेर, ओमान, मलेशिया, थाईलैंड, हांगकांग, न्यूजीलैंड और कनाडा में होंगे. पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, सिक्किम और केरल में भी नए चैप्टर खोलेंगे. चैप्टर में एक सीनियर आईएएस अधिकारी लगाएंगे, जिसका ट्रांसफर किसी भी विभाग में हो सकता है, लेकिन चैप्टर के लिए लगातार काम करेगा. 24 से ज्यादा नीतियां लाए हैं. सेमीकंडक्टर, एयरोस्पेस नीति समेत कई नीतियों पर काम कर रहे हैं. प्रदेश में अपराधों में 20% की कमी आई. कई अपराध आधे रह गए. महिला अत्याचार 10 प्रतिशत घटे.

केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि राजस्थानियों के लिए कहा जाता है कि जहां न पहुंचे बैलगाड़ी, वहां पहुंचे मारवाड़ी. देश-विदेश में एक करोड़ प्रवासी राजस्थानी हैं. आप राजस्थान के ब्रांड एंबेसडर बनें. अपने गांव जाएं और विकास कराएं. राज्य में निवेश लाएं. हर प्रवासी राजस्थान में योगदान देगा तो दुनिया की कोई ताकत भारत का नंबर एक राज्य बनने से रोक नहीं पाएगी. राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ के एमओयू में एक चौथाई निवेश धरातल पर उतर चुका है.

पंजाब के राज्यपाल कटारिया ने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों का राजस्थान के लिए कर्ज उतारने का समय है. राज्य में अपार संभावनाएं हैं. हर क्षेत्र में सरकार सहयोग कर रही है. प्रवासी निवेश करें. यहां की जमीन खनिज के साथ सोना भी उगलती है. कटारिया बोले कि प्रवासियों ने देश-विदेश में राज्य का नाम रोशन किया, लेकिन गोयल ने मुझे ही प्रवासी बना दिया. मैं यहीं पहला बढ़ा हूं, पूरी जिंदगी यही निकली है. अभी टेंपरेरी प्रवासी हूं.

वेदांता ग्रुप के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने राज्य में अपार संभावनाएं बताते निवेश का आह्वान किया. वे बोले- हमने राजस्थान को दिल दिया. इसके लिए सब कुछ करेंगे. सरकार ने अब काफी कुछ सुधार कर लिया. यहां निवेश में दिक्कत नहीं होगी. दुनिया भर से भारत आने वाले लोगों की पहली पसंद राजस्थान होता है. लोग यहां आकर शादी समारोह करना चाहते हैं. अग्रवाल ने बेटियों को आगे लाने का आह्वान किया. बोले-मेरी बेटी ने कई नवाचारों के जरिए बेटियों की प्रतिभा सामने लाने का काम किया. फिर चाहे रेस्क्यू टीम बनाना हो या अन्य काम. बेटियां कहीं भी पीछे नहीं है. लोगों से आग्रह है कि बेटियों को आगे लाएं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *