उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को चंपावत जिले के दौरे पर पहुंचे. इस अवसर पर उन्होंने करोड़ों की लागत से बना रहे साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया. सीएम धामी ने निर्माण संबंधी जानकारियां ली. उन्होंने प्रदेश सरकार के द्वारा भविष्य के वैज्ञानिकों के लिए इसे बड़ा कदम बताया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बाल वैज्ञानिकों से भी संवाद किया.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत में निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया. करीब ₹55.52 करोड़ की लागत से बन रहा यह सेंटर प्रदेश में विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार का नया हब बनने जा रहा है. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता की बारीकी से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने प्रस्तावित चार मंजिला साइंस कैंपस और आधुनिक वैज्ञानिक गैलरियों का भी अवलोकन किया.
इस अत्याधुनिक साइंस सेंटर में 40 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और आवासीय सुविधाएं, फन साइंस गैलरी और विज्ञान एवं कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल और प्रदर्शनी कक्ष, अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी गैलरी, 120 सीटों का ऑडिटोरियम, 71 सीटों वाला आधुनिक प्लैनेटेरियम (इनर और आउटर डोम सहित) जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं.यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने बताया कि यह सेंटर छात्रों को विज्ञान के प्रायोगिक और आधुनिक स्वरूप से जोड़ने का काम करेगा.
इस अवसर पर सीएम धामी ने नन्हे वैज्ञानिकों से भी संवाद किया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह साइंस सेंटर भविष्य में प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, रिसर्च और इनोवेशन का प्रमुख केंद्र बनेगा. उन्होंने कहा विज्ञान के बिना विकास संभव नहीं है. यह केंद्र दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक विज्ञान और खगोल विज्ञान से जोड़ने का माध्यम बनेगा. उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए और पर्यावरणीय मानकों व श्रमिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए.
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, प्रदेश मंत्री बीजेपी निर्मल मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.