उन्नत कृषि तकनीक सीखने विदेश यात्रा पर जाएंगे प्रदेश के 100 किसान, सीएम ने दी मंजूरी

उन्नत कृषि तकनीकों का अध्ययन करने के लिए प्रदेश के 100 किसान नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और ब्राजील जाएंगे. राज्य सरकार किसानों की क्षमता संवर्धन के तहत उन्हें कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्रों में आधुनिक तकनीकों के उपयोग के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रही है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नॉलेज इनहांसमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत प्रदेश के 100 किसानों के विदेश भ्रमण और प्रशिक्षण की स्वीकृति दी है.

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार चयनित किसानों को नवंबर 2025 से मार्च 2026 के भी विभिन्न समूहों में सात दिवसीय भ्रमण कराया जाएगा. नॉलेज इनहांसमेंट प्रोग्राम के तहत प्रदेश के किसान उन्नत नवीनतम तकनीकों का अध्ययन करेंगे, जिसके उपयोग से वे अपनी फसलों के उत्पादन में वृद्धि कर सकेंगे. साथ ही, किसान उक्त 4 देशों में सफल कृषि सहकारी समितियों के संचालन का भी अध्ययन कर सकेंगे, जो संगठनात्मक संरचना की दृष्टि से एफपीओ के समान ही हैं.

बता दें कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसान 10 सितंबर तक राज किसान साथी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन लिए गए. इस पोर्टल के माध्यम से किसानों को कृषि से संबंधित सभी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिलता है. चयन के लिए किसान के पास कम से कम एक हेक्टेयर कृषि भूमि, कम से कम 10 वर्षों का खेती का अनुभव और इसके अलावा उसे नई कृषि तकनीकों का उपयोग करने वाला होना आवश्यक रखा गया था.

चयन प्रक्रिया में महिला किसानों, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के किसानों को भी विशेष प्रतिनिधित्व दिया गया है. सरकार ने 20 दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को भी इस योजना के तहत विदेश भेजने का फैसला लिया है. इसके लिए चयन मापदंडों में पशुपालक के पास कम से कम 20 गाय या भैंस का स्वामित्व और 10 वर्षों का पशुपालन का अनुभव रखा गया था. इसके अलावा, उच्च पशुपालन तकनीकों का उपयोग करने वाले पशुपालकों को प्राथमिकता दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *